Sunday, November 15, 2026 LIVE
English edition Join Group Now
CG Insider Inside stories, beyond headlines

Chhattisgarh

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दिवंगत विधायक को दी श्रद्धांजलि, शोकाकुल परिजनों को बंधाया ढांढस

21:16October 31, 2026 Source: CG-Insider

Join Now
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दिवंगत विधायक को दी श्रद्धांजलि, शोकाकुल परिजनों को बंधाया ढांढस
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दिवंगत विधायक को दी श्रद्धांजलि, शोकाकुल परिजनों को बंधाया ढांढस
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दिवंगत विधायक को दी श्रद्धांजलि, शोकाकुल परिजनों को बंधाया ढांढस
रायपुर 31 अक्टूबर 2026/ अहिवारा विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं छत्तीसगढ़ अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष स्वर्गीय श्री डोमनलाल कोर्सेवाड़ा आज पंचतत्व में विलीन हो गए। बालोद जिले के गुंडरदेही विकासखंड स्थित उनके पैतृक ग्राम भेण्ड्रा में पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने स्वर्गीय श्री कोर्सेवाड़ा की पार्थिव देह पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया तथा उनके पार्थिव शरीर को कंधा देकर उन्हें अंतिम विदाई दी। मुख्यमंत्री श्री साय ने उनके शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और उन्हें इस कठिन समय में ढांढस बंधाया। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने विधायक श्री डोमनलाल कोर्सेवाड़ा के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि उनका असमय निधन पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति है। श्री कोर्सेवाड़ा अहिवारा विधानसभा क्षेत्र से दूसरी बार विधायक निर्वाचित हुए थे। वे अत्यंत सुलझे हुए, परिपक्व, मिलनसार और मृदुभाषी जनप्रतिनिधि थे। वे सदैव अपने क्षेत्र के विकास और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए चिंतित रहते थे। एक शिक्षक से विधायक तक का उनका सफर जनसेवा के प्रति उनके समर्पण को दर्शाता है। मुख्यमंत्री श्री साय ने भावुक होते हुए कहा कि श्री कोर्सेवाड़ा के उपचार के दौरान उनकी लगातार बातचीत होती रही थी। कहीं से भी ऐसा नहीं लग रहा था कि वे हैदराबाद से स्वस्थ होकर वापस नहीं लौटेंगे। निधन से एक दिन पूर्व प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल भी हैदराबाद जाकर उनसे मिले थे और चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य एवं उपचार की विस्तृत जानकारी ली थी। चिकित्सकों से मेरी भी बातचीत कराई गई थी। सभी चिकित्सक उनके स्वास्थ्य लाभ के लिए हरसंभव प्रयास कर रहे थे। स्वयं श्री कोर्सेवाड़ा ने भी स्वस्थ होकर वापस लौटने की उम्मीद जताई थी, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि श्री कोर्सेवाड़ा का निधन उनके विधानसभा क्षेत्र और प्रदेश के लिए अत्यंत दुःखद है। उनका सहज, सरल व्यक्तित्व और जनसेवा के प्रति समर्पण सदैव स्मरणीय रहेगा। उल्लेखनीय है कि स्वर्गीय श्री डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का 78 वर्ष की आयु में हैदराबाद में उपचार के दौरान निधन हो गया था। गौरतलब है कि आज शनिवार सुबह उनका पार्थिव शरीर विमान से रायपुर पहुंचा। स्वामी विवेकानंद विमानतल पर लोगों के अंतिम दर्शन और श्रद्धांजलि अर्पित करने की व्यवस्था की गई थी। इसके बाद पार्थिव शरीर भिलाई-3 स्थित उनके शासकीय आवास पहुंचा, जहां परिजनों, जनप्रतिनिधियों और शुभचिंतकों ने अंतिम दर्शन कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके पश्चात पार्थिव शरीर को उनके पैतृक ग्राम भेण्ड्रा ले जाया गया, जहां राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। इस अवसर पर खाद्य मंत्री श्री दयाल दास बघेल, स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल, स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव, कौशल विकास मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद श्री विजय बघेल एवं श्री भोजराज नाग, विधायक श्री पुन्नूलाल मोहले, श्री ईश्वर साहू, श्री ललित चन्द्राकर, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष श्री प्रेमप्रकाश पाण्डेय सहित अनेक स्थानीय जनप्रतिनिधि, कलेक्टर दुर्ग श्री अभिजीत सिंह, कलेक्टर बालोद श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा, एसपी श्री किरण गंगाराम चव्हाण सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी, बड़ी संख्या में सतनामी समाज के गणमान्य नागरिक और ग्रामीणजन उपस्थित रहे। *दिवंगत विधायक के सम्मान में राज्योत्सव सादगी से होगा आयोजित* स्वर्गीय श्री डोमनलाल कोर्सेवाड़ा के निधन पर सम्मान व्यक्त करते हुए बालोद जिला प्रशासन ने जिला स्तरीय राज्योत्सव समारोह को सादगी के साथ आयोजित करने का निर्णय लिया है। इसके तहत समारोह में होने वाले सभी सांस्कृतिक कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए हैं। अब राज्योत्सव में केवल शासकीय योजनाओं और जिले में हुए विकास कार्यों पर आधारित प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इस प्रदर्शनी के माध्यम से आम नागरिकों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और जिले की विकास उपलब्धियों की जानकारी दी जाएगी।